राष्ट्रीय

मुख्यमंत्री योगी ने अफसरों को दिए निर्देश, कहा मुख्य मार्गों पर जगह-जगह हो पेयजल की व्यवस्था  – India Times Group

मुख्यमंत्री योगी ने अफसरों को दिए निर्देश, कहा मुख्य मार्गों पर जगह-जगह हो पेयजल की व्यवस्था  – India Times Group


गांव या शहर कहीं भी अनावश्यक बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए – मुख्यमंत्री योगी

भीषण गर्मी के बीच पशुधन और वन्य जीवों की सुरक्षा का ध्यान रखना आवश्यक – मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ। यूपी में भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को निर्देश दिए और कहा कि गांव हो या शहर अनावश्यक बिजली कटौती न की जाए और फाल्ट आने पर तत्काल ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि विगत कुछ दिनों से प्रदेश में भीषण गर्मी-लू का प्रकोप देखा जा रहा है। तापमान बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में आम जनजीवन और पशुधन, वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर पुख्ता प्रबंध किए जाएं। राहत आयुक्त कार्यालय के स्तर से मौसम पूर्वानुमान का दैनिक बुलेटिन जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि तेज गर्मी और लू का मौसम चल रहा है। ऐसे में गांव हो या शहर कहीं भी अनावश्यक बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए। जरूरत हो तो अतरिक्त बिजली खरीदने की व्यवस्था करें। ट्रांसफार्मर जलने, तार गिरने और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का बिना विलंब निस्तारण किया जाए। अधिकारी फोन अटेंड करें, कहीं भी विवाद की स्थिति न बनने पाए, यदि ऐसा हो तो वरिष्ठ अधिकारी तत्काल स्वयं मौके पर पहुंचें।

सभी नगर निकायों, ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ रखवाए जाएं। बाजार में मुख्य मार्गों पर जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था हो। इस कार्य में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाना चाहिए। सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए। पानी की कमी से अत्यधिक प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। पेयजल का अभाव कहीं भी न हो। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। अयोध्या, काशी, मथुरा आदि सभी धार्मिक स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। बड़ा मंगल के दृष्टिगत लखनऊ में साफ-सफाई, ट्रैफिक व अन्य व्यवस्थाओं का सुचारू रूप से होना सुनिश्चित कराएं।







Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *