उत्तराखंड की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव जारी, मतदान करने के बाद वोट का निशान दिखाकर खुशी जाहिर कर रहे लोग – India Times Group
सुबह आठ बजे से शुरु हुआ मतदान
भारी सुरक्षा बल के बीच कराया जा रहा मतदान
देहरादून। उत्तराखंड की दो विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव हो रहे हैं। मंगलौर सीट पर बसपा विधायक के निधन के बाद से यह सीट खाली चल रही थी। जबकि बदरीनाथ सीट पर लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र के सीमांत क्षेत्रों में पहली बार नौ हाई एल्टीट्यूड पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं, जिनमें 17 गावों के 3838 मतदाता मतदान करेंगे। राज्य बनने के बाद से सामान्य रूप से विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों के दौरान शीतकाल में इन क्षेत्रों में स्थानीय मतदाताओं की ओर से प्रवास न किए जाने की स्थिति में उनके ग्रीष्मकालीन प्रवास वाले गांवों में मतदान की व्यवस्था की जाती थी।
मंगलौर विधानसभा सीट के लिब्बरहेडी के बूथ पर मारपीट और पथराव के बाद अब मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो पाया है। मामले की सूचना मिलते ही हरिद्वार प्रशासन यहां मौके पर पहुंचा।
मंगलौर विधानसभा सीट के लिब्बरहेडी के बूथ नंबर 53-54 नंबर पर बसपा और भाजपा के कार्यकर्ताओं में लाठी डंडे चल गए हैं। जिसमें कुछ कार्यकर्ता घायल हो गए। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा जिसके बाद पुलिस ने सभी को खदेड़ा।
भारी सुरक्षा बल के बीच मंगलौर में चुनाव कराया जा रहा है। सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी है। बुजुर्ग मतदाता मतदान करने के बाद वोट का निशान दिखाकर खुशी जाहिर कर रहे हैं।
सुबह 8:00 से दोनों विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। बद्रीनाथ विधानसभा में 208 मतदेय स्थलों पर मॉक पोल हो गया है। पोखरी के श्रीगढ और जोशीमठ के भर्की बूथ में मोक पोल चल रहा है।
